टीला-लोटनपुरा स्टेडियम में हुआ आयोजन

शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे स्थित टीला-लोटनपुरा स्टेडियम में मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। यह आयोजन भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पाल बघेल धनगर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंह पाल दद्दा के जन्मदिन के उपलक्ष્ય में रखा गया था।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और ग्रामीण पहुंचे थे। इस मैराथन दौड़ में कई युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रतियोगिता काफी रोमांचक रही।

बाइक आगे निकालने को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, मैराथन दौड़ के दौरान कुछ बाइक सवार युवक दौड़ रहे प्रतिभागियों के आगे चल रहे थे। इसी बात को लेकर युवाओं के दो गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई और बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग आपस में उलझ पड़े।

मौके पर मौजूद लोगों और आयोजकों ने मामले को शांत कराने तथा बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद दोनों गुटों के बीच काफी देर तक हंगामा और मारपीट होती रही।

घटना का वीडियो आया सामने

इस पूरी झड़प का एक वीडियो भी अब सामने आ गया है, जिसमें कुछ युवक एक-दूसरे के साथ मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद से इलाके में इस विवाद की चर्चा बनी हुई है।

हालांकि, इस झड़प में कितने लोग घायल हुए हैं, इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसके अलावा पुलिस थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज होने को लेकर भी फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।

इससे पहले प्रतियोगिता में झांसी के कपिल परिहार ने प्रथम स्थान, झांसी के ही यश शर्मा ने द्वितीय और सेमरा के अंगद यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया था, जिन्हें बाद में सम्मानित भी किया गया था।