गुना शहर और आसपास के इलाकों में मारपीट और दबंगई के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा घटनाओं में मामूली कहासुनी के बाद युवकों पर जानलेवा हमले किए गए हैं, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।

कर्नलगंज में मामूली बात पर युवक की पिटाई

पहला मामला गुना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कर्नलगंज इलाके का है। कोल्हूपुरा निवासी 30 वर्षीय लोकेंद्र सेन रात करीब 9 बजे मंदिर के पास एक दुकान से सामान खरीद रहे थे। उसी दौरान वहां राजीव पंत पहुंचे और उन्होंने लोकेंद्र से पूछताछ शुरू कर दी कि वे क्या सामान ले रहे हैं।

जब लोकेंद्र ने उनसे कहा कि वे अपना काम करें, तो आरोपी इस बात पर आग बबूला हो गया और गालियां देने लगा। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को घसीटते हुए अपने घर के पास पहुंचाया और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की।

इस हमले में लोकेंद्र के होंठ, हाथ, कंधे और जांघ पर चोटें आईं तथा उनकी शर्ट भी फट गई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच-बचाव के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

आरोन में तमीज से बोलने पर लाठियों से हमला

दूसरी घटना आरोन थाना क्षेत्र की है, जहां नए अस्पताल के पास मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि लाठियां चल गईं। पीड़ित इमरान अली (33) ने अपने मौसेरे भाई फरहान के साथ थाने पहुंचकर इस घटना की शिकायत दर्ज कराई।

इमरान के अनुसार, रात करीब 11 बजे वह अल्फेज उर्फ छोटू की दुकान पर सामान लेने पहुंचा था। दुकान संचालक अल्फेज ने जब फरियादी को गलत नाम से पुकारा, तो इमरान ने उसे तमीज से बात करने की सलाह दी। इसी बात से नाराज होकर अल्फेज के पिता सिकंदर राईन डंडा लेकर वहां आ धमके और गाली-गलौज शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर सिकंदर राईन, उनके बेटे जुबैद और अल्फेज तीनों ने मिलकर लाठियों से इमरान और बीच-बचाव करने आए उसके मौसेरे भाई फरहान पर हमला कर दिया। इस दौरान झगड़ा छुड़ाने पहुंचे उनके रिश्तेदार लक्की अली को भी आरोपियों ने डंडे मारकर घायल कर दिया।

इस हिंसक झड़प में पीड़ितों के सिर, चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर मौजूद महिलाओं के हस्तक्षेप के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।