ग्वालियर अंचल के डबरा शहर में स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रविवार की देर रात शिक्षक कॉलोनी स्थित एक संदिग्ध गोदाम पर पुलिस ने अचानक छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में आतिशबाजी और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
एडिशनल एसपी के गोपनीय इनपुट पर हुई कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात जयराज कुबेर को रविवार की रात यह गोपनीय सूचना मिली थी कि उक्त आवासीय क्षेत्र के एक गोदाम में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखे स्टोर किए गए हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद एसडीओपी सौरभ कुमार और सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए देहात थाना प्रभारी साधू सिंह गुर्जर और आंतरी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जोनवार को भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर बुला लिया गया।
एसडीएम के आदेश पर तोड़ा गया गोदाम का ताला
जांच के दौरान जब संबंधित गोदाम पर ताला लटका मिला, तो पुलिस अधिकारियों ने इसकी सूचना एसडीएम नवकिरण कौर को दी। प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद तहसीलदार नवीन भारद्वाज मौके पर पहुंचे और उनकी उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता के साथ पंचनामा तैयार कर गोदाम का ताला खोला गया।
गोदाम का दरवाजा खुलते ही अंदर बड़ी मात्रा में आतिशबाजी के स्टॉक का ढेर मिला। अधिकारियों के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, बरामद की गई आतिशबाजी की कुल बाजार कीमत 10 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है, जिसके वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
गोदाम सील, सुरक्षा के लिए तैनात किए गए जवान
रात का समय अधिक होने के कारण पुलिस ने पटाखों की विधिवत गिनती और जब्ती की शेष कार्रवाई को सोमवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दिया। फिलहाल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए गोदाम को सील कर दिया गया है।
एसडीओपी सौरभ कुमार ने जानकारी दी है कि वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत यह पूरी कार्रवाई की गई है। गोदाम के बाहर सुरक्षा की दृष्टि से दो हथियारबंद पुलिस जवानों को तैनात किया गया है, और सुबह होते ही् जब्ती की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!