ग्वालियर। शहर के गोल पहाड़िया बिजली घर की कार्यशैली को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान में देरी और बार-बार सामने आ रही समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। इसी मामले को लेकर Gwalior Chambal Times की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्राउंड रिपोर्ट तैयार की।

शिकायत के बाद भी बनी रही बिजली की समस्या

समाधिया कॉलोनी और गोल पहाड़िया बिजली घर के बीच की दूरी करीब एक से डेढ़ किलोमीटर है। इसके बावजूद क्षेत्र में बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान में देरी के आरोप सामने आए हैं।

बिजली के खंभे से स्पार्किंग होने के कारण घर में बिजली का वोल्टेज बार-बार कम-ज्यादा हो रहा था। इस समस्या को लेकर बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई। उपभोक्ता का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के करीब ढाई से तीन घंटे बाद लाइनमैन ने फोन कर बताया कि समस्या ठीक कर दी गई है।

हालांकि, उपभोक्ता के अनुसार इसके करीब पांच घंटे बाद भी बिजली की समस्या बनी रही। इसके बाद उन्हें दोबारा शिकायत दर्ज करानी पड़ी।

बिजली घर पहुंची टीम, कई उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी

बिजली संबंधी समस्याओं की जानकारी लेने जब Gwalior Chambal Times की टीम गोल पहाड़िया बिजली घर पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ उपभोक्ता अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर विभागीय व्यवस्था और स्टाफ के प्रति नाराजगी जताते नजर आए।

उपभोक्ताओं का कहना था कि शिकायत दर्ज कराने के बाद समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए, ताकि उन्हें बार-बार बिजली घर के चक्कर न लगाने पड़ें।

JE ने बताई स्टाफ की कमी

मामले को लेकर गोल पहाड़िया बिजली घर के जेई रितेश शर्मा से भी बातचीत की गई। उन्होंने बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान में आ रही परेशानियों के पीछे स्टाफ की कमी को एक कारण बताया।

जेई के इस बयान के बाद अब सवाल यह उठता है कि यदि बिजली घर में स्टाफ की कमी है, तो क्या इसकी वजह से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ेगा?

विभाग के सामने कई सवाल

बिजली जैसी आवश्यक सेवा से जुड़ी शिकायतों के समय पर समाधान को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

क्या शिकायत मिलने के बाद समस्या का समय पर समाधान सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी नहीं है? यदि किसी उपभोक्ता की शिकायत ठीक कर दी गई है, तो क्या संबंधित कर्मचारी को इसकी जानकारी उपभोक्ता को नहीं देनी चाहिए? यदि स्टाफ की कमी है, तो क्या उसे दूर करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की जाएगी? बार-बार बिजली संबंधी समस्या से परेशान उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए विभाग क्या ठोस कदम उठाएगा?

विभाग के जवाब का इंतजार

इस पूरे मामले में Gwalior Chambal Times का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्या को संबंधित विभाग और अधिकारियों तक पहुंचाना है। जेई रितेश शर्मा द्वारा स्टाफ की कमी की बात कही गई है। अब देखना होगा कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस समस्या को लेकर क्या कदम उठाते हैं और उपभोक्ताओं को समयबद्ध बिजली सेवा उपलब्ध कराने के लिए क्या व्यवस्था की जाती है।

Gwalior Chambal Times इस मामले में बिजली विभाग का पक्ष और आगे की कार्रवाई भी सामने लाएगा।