ग्वालियर-चंबल अंचल के भिंड विधानसभा क्षेत्र से विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके 35 वर्षीय बेटे पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह का मंगलवार तड़के निधन हो गया। पुष्पेंद्र पिछले काफी समय से लिवर संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित चल रहे थे, जिसके चलते उनका इलाज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में कराया जा रहा था।

पिछले आठ दिनों से थे लाइफ सपोर्ट पर

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनका डॉक्टर लगातार निगरानी में इलाज कर रहे थे। पिछले आठ दिनों से उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी और वे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखे गए थे, जहां तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

भिंड लाया जा रहा पार्थिव शरीर

अस्पताल में उपचार के दौरान निधन की पुष्टि होने के बाद उनके पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग द्वारा दिल्ली से भिंड गृह जिला लाया जा रहा है। हालांकि, परिजनों द्वारा अभी तक उनके अंतिम संस्कार की तिथि और समय को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जिसके जल्द ही तय होने की उम्मीद है।

परिवार में शोक की लहर, छह साल का है बेटा

स्वर्गीय पुष्पेंद्र सिंह अपने पीछे छह साल का एक मासूम बेटा छोड़ गए हैं। उनके इस तरह असमय दुनिया से चले जाने के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद समाचार के मिलते ही भिंड शहर सहित पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।

विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बेटे के निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और उनके समर्थक सांत्वना देने के लिए उनके निवास पर जुटने लगे हैं। सभी ने इस अप्रिय घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।