शिवपुरी जिले के ककरवाया गांव में बुधवार को जिला प्रशासन ने शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे और गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष अनिल 'अन्नी' शर्मा से जुड़े भैया होटल और उससे सटी सरकारी जमीन पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया।
अवैध ढाबा ध्वस्त, अर्थदंड भी लगाया
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में एसडीएम आनंद सिंह राजावत के नेतृत्व में राजस्व, आबकारी, खनिज, खाद्य और पुलिस विभाग की एक संयुक्त टीम ने ककरवाया स्थित भैया होटल पर छापामार कार्रवाई की। राजस्व विभाग की जांच में यह बात सामने आई कि सर्वे नंबर 872/1 की सरकारी जमीन को दारासिंह पुत्र बारेलाल परिहार ने अपनी निजी जमीन बताकर किराए पर दे दिया था। इस जमीन पर अवैध रूप से एक ढाबा चलाया जा रहा था। सरकारी जमीन पाए जाने पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर ढाबे को तत्काल ध्वस्त कर दिया। साथ ही, दारासिंह पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
होटल में मिलीं कई अनियमितताएं, शराब और गैस सिलेंडर जब्त
संयुक्त जांच के दौरान मुख्य भैया होटल में भी कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। आबकारी विभाग ने होटल परिसर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की और उसे जब्त कर लिया। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य विभाग की टीम ने होटल के किचन में जांच की तो वहां व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर इस्तेमाल होते मिले। मौके से छह घरेलू गैस सिलेंडर, दो व्यावसायिक भट्टियां और पांच किलोग्राम क्षमता का एक गैस सिलेंडर जब्त किया गया। होटल प्रबंधन गैस के उपयोग से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद, आवश्यक वस्तु अधिनियम और एलपीजी वितरण संबंधी नियमों के तहत मामला दर्ज करते हुए होटल के किचन और डाइनिंग हॉल को सील कर दिया गया।
खनन सामग्री परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त
इसके अतिरिक्त, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से अवैध खनन और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी, एक डंपर और एक ट्रॉली को भी जब्त किया। संबंधित विभागों द्वारा इस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।





टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!