शिवपुरी जिले के नरवर कस्बे में मूंगफली के बीज की अनुपलब्धता को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखा गया। सोमवार को बड़ी संख्या में किसानों ने कृषि विभाग कार्यालय के सामने नरवर-मगरौनी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसानों का कहना था कि वे पिछले आठ दिनों से लगातार बीज के लिए विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही नरवर थाना प्रभारी विनय यादव और तहसीलदार विजय कुमार त्यागी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समझाने का काफी प्रयास किया, परंतु किसान अपनी मांग पर अड़े रहे और बीज उपलब्ध न होने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए।

बीज के लिए आठ दिन से लगा रहे विभाग के चक्कर

नए विनेगा गांव की किसान मुन्नी बाई ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वह पिछले आठ दिनों से लगातार कृषि विभाग के कार्यालय आ रही हैं। उन्हें सोमवार को बीज मिलने का आश्वासन दिया गया था। इसी उम्मीद में किसान सुबह 8 बजे से ही कार्यालय के बाहर इंतजार कर रहे थे, लेकिन न तो कोई अधिकारी पहुंचा और न ही बीज का वितरण किया गया।

मुन्नी बाई ने आगे बताया कि आठ गांवों के किसानों के दस्तावेज पहले ही विभाग में जमा कराए जा चुके हैं। समय पर मूंगफली का बीज न मिलने के कारण बुवाई का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे उनकी फसल को भारी नुकसान होने की आशंका बढ़ती जा रही है।

रोज पहुंच रहे सैकड़ों किसान, कार्यालय पर लटका ताला

बरखाड़ी गांव की किसान रानी जाटव ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 200 किसान बीज लेने के लिए कृषि विभाग के कार्यालय पहुंचते हैं। हालांकि, अधिकतर समय कार्यालय पर ताला लटका मिलता है। जब अधिकारियों से संपर्क किया जाता है, तो उन्हें बताया जाता है कि जिले में मूंगफली का बीज उपलब्ध नहीं है। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उन्हें बीज नहीं मिलेगा, उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

किसानों के इस चक्काजाम के कारण नरवर-मगरौनी मार्ग पर लगभग तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार किसानों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन किसान अपनी मांग पर अडिग रहे।

इस पूरे मामले पर कृषि विभाग के उप संचालक मुनेश कुमार शाक्य से संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि वे न्यायालयीन कार्य में व्यस्त हैं और फिलहाल इस विषय पर कोई जानकारी नहीं दे सकते।