शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बुधवार की सुबह तड़के करीब साढ़े चार बजे एनएच-46 पर एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने मीडियन में जा घुसी। बस कीचड़ में फंसने की वजह से पलट नहीं पाई और यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
इंदौर से ग्वालियर जा रही थी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा ट्रेवल्स की बस क्रमांक MP 31 ZD 8199 इंदौर से ग्वालियर की ओर जा रही थी। यह घटना बदरवास के सड बाईपास के पास तब हुई जब बस चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। हादसे के तुरंत बाद बस चालक और अन्य स्टाफ मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने यात्रियों को निकाला सुरक्षित
घटना की सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की।
इस दुर्घटना में बामौरकला निवासी मोनिका जाटव सहित कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
यात्रियों ने जताई लापरवाही की आशंका
बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस का चालक शुरुआत से ही काफी तेज गति से और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। यात्रियों ने बताया कि उन्होंने कई बार चालक से गति धीमी करने का आग्रह किया, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। बदरवास थाना पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।





टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!