शिवपुरी जिले में दो दुखद घटनाओं में दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है। सुरवाया थाना क्षेत्र में एक किसान की खेत में काम करते समय बिजली का करंट लगने से जान चली गई। वहीं, तेंदुआ थाना क्षेत्र में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते ज़हरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
खेत में स्टार्टर लगाते समय हुआ हादसा
पहली घटना सुरवाया थाना अंतर्गत ग्राम धुआनी में सामने आई है। शुक्रवार को 45 वर्षीय दिनेश धाकड़ अपने खेत पर बोरवेल के लिए स्टार्टर लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज़ करंट का झटका लगा। आनन-फानन में परिजन उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले गए, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात कारणों से युवक ने खाया ज़हरीला पदार्थ
दूसरी घटना तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसदा की है। यहाँ 28 वर्षीय मुनेश धाकड़ ने दो दिन पहले किसी अज्ञात कारणवश ज़हरीला पदार्थ खा लिया था। युवक की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुँचे थे। शुक्रवार की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोनों मामलों में पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने दोनों शवों का शनिवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। दोनों ही घटनाओं में मर्ग कायम की गई है और पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!