शिवपुरी शहर के सईसपुरा इलाके की रहने वाली चंदा बेगम ने अपनी सास मुन्नी बेगम और देवर जावेद के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। महिला ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आत्मदाह करने का प्रयास किया था।

दहेज की मांग और प्रताड़ना का आरोप

चंदा बेगम ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी करीब चार साल पहले कलीम खान से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उन्हें लगातार परेशान कर रहा था। महिला का आरोप है कि उनकी सास ने एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर भी अपने पास रख लिए हैं। साथ ही, महिला का कहना है कि उसे और उसके पति को घर से निकालने की कोशिश की जा रही है।

साझा शौचालय पर ताला लगाने के बाद बढ़ा विवाद

महिला के अनुसार, जिस मकान को लेकर विवाद चल रहा है, उसका निर्माण उनके पति और दिवंगत ससुर की कमाई से हुआ था। लेकिन मकान की रजिस्ट्री सास के नाम पर होने के कारण अब उन्हें घर से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि 5 जुलाई की सुबह उनकी सास ने साझा शौचालय पर ताला लगा दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सास मुन्नी बेगम और देवर जावेद ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। इस दौरान महिला के बाल खींचे गए और लात-घूंसों से मारा गया, जिससे उनके सीने और बाएं हाथ की कलाई में चोटें आईं।

चंदा बेगम ने बताया कि मारपीट के बाद उन्होंने फिजिकल थाना और महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे हताश होकर मंगलवार को वह अपने पति के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचीं और पेट्रोल से खुद को जलाने का प्रयास किया।

इस घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और महिला की शिकायत के आधार पर उसकी सास और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।