शिवपुरी शहर के नाई की बगिया इलाके में एक घर और उससे सटी स्टेशनरी दुकान में हुई चोरी की घटना ने लोगों को चौंका दिया है। पीड़ित व्यापारी मनीष गर्ग का गंभीर आरोप है कि चोरों ने न केवल उनके घर और दुकान को खंगाला, बल्कि परिवार को किसी तरह के पदार्थ का इस्तेमाल कर बेहोश कर दिया, ताकि किसी को भनक तक न लगे।
मनीष गर्ग ने बताया कि 4 जुलाई की रात उनका परिवार घर में सो गया था और नीचे स्थित उनकी 'हर्ष स्टेशनरी' दुकान भी बंद थी। अगली सुबह, 5 जुलाई को जब वे करीब 7 बजे उठे तो उन्होंने देखा कि घर और दुकान का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। दुकान के गल्ले का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे लगभग 25 हजार रुपये नकद गायब थे।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध
पीड़ित गर्ग का दावा है कि यह पूरी घटना पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में देर रात कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि बदमाश हथियारों से लैस थे और उन्होंने किसी गैस या अन्य पदार्थ का प्रयोग किया, जिससे पूरा परिवार गहरी नींद में सोता रहा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
मनीष गर्ग ने 5 जुलाई को कोतवाली थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन, तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने न तो FIR दर्ज की और न ही कोई ठोस कार्रवाई की। इससे परेशान होकर उन्होंने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को एक आवेदन सौंपा है। उन्होंने मामले को दर्ज करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। परिवार के सदस्य अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। एडिशनल एसपी संजीव मुले ने पीड़ित को आश्वासन दिया है कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।





टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!