अंचल में पिछले 48 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। जिले के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। श्योपुर का प्रमुख आवदा डैम अपनी 45 फीट की पूर्ण भराव क्षमता पार करने के बाद अब ओवरफ्लो हो चुका है।
विभिन्न तहसीलों में दर्ज की गई भारी बारिश
मौसम विभाग और प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक 5 सितंबर को श्योपुर तहसील में 110 मिलीमीटर, कराहल में 100.40 मिलीमीटर, विजयपुर में 76 मिलीमीटर और वीरपुर में 30 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस अप्रत्याशित बारिश के बाद जिला प्रशासन ने नागरिकों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की हिदायत दी है।
क्वारी नदी का जलस्तर बढ़ा, विजयपुर-टेटरा मार्ग ठप
विजयपुर क्षेत्र में हालात ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। यहां क्वारी नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है और इसका पानी पुल के ऊपर से गुजर रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से विजयपुर-टेटरा मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित होने से स्थानीय रहवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बाजारों और बस्तियों में भरा पानी, गिरी दीवार
जलभराव के कारण विजयपुर की मुख्य सब्जी मंडी में पानी घुस गया है, जिससे कई दुकानों में जलभराव हो गया है। इसके अलावा कोठारी पैलेस परिसर में पानी भरने के दबाव से एक दीवार ढह गई, गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
शहर की रनसिंह कॉलोनी में भी बारिश का पानी घरों और गलियों में भर जाने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं और राहत कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!