श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बेहद सुखद खबर सामने आई है। प्रोजेक्ट चीता के तहत सोमवार को कूनो में एक और उपलब्धि दर्ज की गई है। यहां भारत की धरती पर जन्मी 32 महीने की मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है।

देश में अब कुल 60 हुए चीते

इन पांच नए मेहमानों के आने के बाद भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर अब 60 तक पहुंच गई है। खास बात यह है कि इनमें से 41 चीतों का जन्म भारत की ही धरती पर हुआ है, जो देश में चीता पुनर्स्थापना अभियान की सफलता को साफ तौर पर दर्शाता है।

भारत में जन्मी तीसरी मादा चीता

जानकारी के अनुसार, शावकों को जन्म देने वाली मादा चीता KJP21 भारत में ही जन्मी और यहीं पर शावकों को जन्म देने वाली तीसरी मादा चीता बन गई है। इससे पहले मुखी और KGP12 भी देश की जमीन पर शावकों को जन्म दे चुकी हैं। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस बात की जानकारी साझा की है।

बोत्सवाना मूल के नर चीते से जुड़ी है वंशपरंपरा

अधिकारियों ने बताया कि KJP21 के इन पांचों शावकों के पिता वह नर चीता है जिसे विशेष रूप से बोत्सवाना से भारत लाया गया था। इस नए प्रसंग के साथ देश में बोत्सवाना मूल के चीतों की वंशपरंपरा की भी शुरुआत हो चुकी है, जिससे वन्यजीवों की आनुवंशिक विविधता में इजाफा होने की पूरी उम्मीद है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस बड़ी सफलता पर कूनो प्रबंधन, पशु चिकित्सकों, वन अधिकारियों और मैदानी अमले को बधाई दी है। विभाग की पूरी टीम लगातार नवजात शावकों और उनकी मां की सेहत पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि इनकी उचित देखभाल सुनिश्चित की जा सके।