आगरा के फतेहाबाद निवासी 30 वर्षीय रामरतन निषाद की रविवार रात गोली लगने से मौत हो गई। वह बरेह गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। इसी दौरान बरेह गांव के पास नहर बंबा के निकट उन्हें दाहिनी जांघ में गोली लगी।
घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। रामरतन अपने फुफेरे ससुर राकेश निषाद के यहां शादी में शामिल होने आए थे। गोली लगने के बाद घायल अवस्था में उनके रिश्तेदारों ने उन्हें अंबाह के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पतालों के चक्कर, फिर भी नहीं बची जान
अंबाह अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रामरतन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मुरैना रेफर कर दिया। मुरैना से भी हालत न सुधरने पर उन्हें ग्वालियर के लिए रेफर किया गया। लेकिन ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही रामरतन निषाद ने दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
सोमवार सुबह मृतक के बड़े भाई धर्मवीर निषाद (32) ने अंबाह थाने में घटना की जानकारी दी। उन्होंने अपने साडू पर भाई की हत्या का आरोप लगाया है। धर्मवीर का कहना है कि रामरतन और उनके साडू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और अक्सर कहासुनी होती रहती थी। भाई को शक है कि इसी रंजिश के चलते साडू ने रामरतन को गोली मारकर हत्या की है। मृतक रामरतन के 8 और 6 साल के दो बेटे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, जुटाए साक्ष्य
अंबाह एसडीओपी रवि भदौरिया ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने सोमवार को अंबाह सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!