सातवें दिन भी जारी रहा आमरण अनशन
मुरैना जिले के कैलारस में बंद पड़े शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू कराए जाने की मांग को लेकर स्थानीय विधायक पंकज उपाध्याय 15 अगस्त से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। अनशन के सातवें दिन शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कैलारस पहुंचे और धरने पर बैठे विधायक के स्वास्थ्य की सुध ली।
जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर किसानों के प्रति दोहरी नीति अपनाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार खुद को किसान हितैषी बताती है, वहीं दूसरी तरफ कैलारस शक्कर कारखाने से जुड़े अन्नदाताओं की समस्याओं पर पूरी तरह चुप्पी साधी हुई है।
पटवारी ने प्रशासन और सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आंदोलन का सातवां दिन चल रहा है, लेकिन अभी तक सरकार के किसी भी नुमाइंदे ने सुध नहीं ली है और न ही बातचीत की कोई पहल की गई है।
शाम 6 बजे तक की दी चेतावनी
मंच से सरकार को चेतावनी देते हुए पटवारी ने कहा कि प्रशासन के पास आज शाम 6 बजे तक का समय है। यदि समय रहते मांगें नहीं मानी गईं, तो इस आंदोलन को और भी ज्यादा आक्रामक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर एक लाख किसानों को बुलाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भी फोन पर बातचीत कराई गई, जिससे कार्यकर्ताओं में जोश भर गया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि कैलारस शक्कर कारखाना इस क्षेत्र के किसानों की आजीविका का मुख्य आधार है और इसे चालू कराने के लिए पार्टी पूरी ताकत झोंक देगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!