ग्वालियर। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ग्वालियर यातायात पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के दौरान एक बार फिर नियमों की अनदेखी करने वाली थार को जब्त कर थाना यातायात में खड़ा कराया गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) सुजावल जग्गा एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात अजीत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में झांसी रोड यातायात थाना प्रभारी धनंजय शर्मा की टीम चन्द्रबदनी चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एमपी-07-एएफ-9345 नंबर की थार को रोका गया।

जांच में पाया गया कि वाहन पर अवैध ब्लैक फिल्म, हूटर, बोनट पर बहुरंगी लाइट लगी हुई थी और वाहन पर वैध नम्बर प्लेट भी नहीं लगी थी। वाहन चालक की पहचान कम्पू क्षेत्र के गुढ़ागुढ़ी का नाका निवासी विवेक गुर्जर के रूप में हुई।

पहले भी हो चुकी थी कार्रवाई

यातायात पुलिस ने बताया कि इसी वाहन को इससे पहले भी नियमों के उल्लंघन के कारण पकड़ा जा चुका है। 6 जून 2026 को वाहन चालक पर 1,000 रुपये का चालान किया गया था और नियमों का पालन करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।

इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर 17 जून 2026 को न्यायालय ने वाहन पर 8,000 रुपये का न्यायालयीन चालान लगाया। बावजूद इसके वाहन से ब्लैक फिल्म, हूटर और अवैध लाल-नीली लाइट नहीं हटाई गई।

लगातार आदेशों की अवहेलना को देखते हुए यातायात पुलिस ने इस बार वाहन को जब्त कर थाना यातायात में रख दिया है। वाहन को 29 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

अन्य शहरों में भी लंबित हैं चालान

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस वाहन के खिलाफ अन्य शहरों में भी चालान दर्ज हैं। इनमें दो चालान अभी लंबित हैं, जिनकी कुल राशि 4,000 रुपये बताई गई है।

यातायात पुलिस अब वाहन चालक विवेक गुर्जर का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) को प्रस्ताव भेजेगी।

विशेष अभियान में कई वाहनों पर कार्रवाई

विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने अन्य नियम तोड़ने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की। अभियान के तहत—

  • ब्लैक फिल्म लगे 9 वाहनों के चालान किए गए।
  • बिना नम्बर प्लेट वाले 7 वाहनों पर कार्रवाई हुई।
  • मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 1 वाहन का चालान किया गया।

सभी कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई।

पुलिस की अपील

ग्वालियर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर वैध नम्बर प्लेट का उपयोग करें तथा ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और अवैध लाल-नीली बत्तियों का प्रयोग न करें। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने में सहयोग दें।