ग्वालियर जिले के चीनौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ककरधा गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां की रहने वाली 33 वर्षीय युवती निशा राजपूत भोपाल से ग्वालियर आने के क्रम में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिवार के लोगों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई थी, जिसके आधार पर अब पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पढ़ाई के सिलसिले में गई थी भोपाल

लापता युवती के पिता राकेश सिंह राजपूत ने बताया कि निशा ने वर्ष 2014 में जबलपुर से बीएमएस यानी मेडिकल की शिक्षा पूरी की थी। इसी साल जुलाई के महीने में वह ग्वालियर आई थी और इसके बाद 28 जुलाई को दोपहर के वक्त भोपाल में आगे की पढ़ाई पूरी करने की बात कहकर घर से रवाना हुई थी। भोपाल पहुंचने के बाद भी उसकी परिजनों से फोन पर बातचीत होती रहती थी, जिससे घरवाले निश्चिंत थे।

6 अगस्त को भाई को किया था आखिरी फोन

घटनाक्रम के मुताबिक, गत 6 अगस्त को निशा ने अपने भाई अमन राजपूत को फोन पर संपर्क किया था। उसने भाई को जानकारी दी थी कि वह भोपाल से ट्रेन में सवार हो चुकी है और अब ग्वालियर अपने घर वापस लौट रही है। हालांकि, इस बातचीत के कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया और परिवार से उसका संपर्क पूरी तरह से टूट गया।

जब तय समय पर निशा अपने घर नहीं पहुंची तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, भोपाल और ग्वालियर के तमाम संभावित ठिकानों पर उसकी खोजबीन शुरू की। परिजन निशा की तलाश में भोपाल के साथ-साथ जबलपुर भी गए, जहां वह पहले रहा करती थी, लेकिन हर जगह से निराशा ही हाथ लगी।

एसएसपी के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा

करीब सवा महीने तक जब लापता युवती का कोई सुराग हाथ नहीं लगा और उसका फोन लगातार बंद आता रहा, तब विवश होकर परिजन ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) धर्मवीर सिंह के पास पहुंचे। परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद चीनौर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है।

मामले की जांच कर रही पुलिस अब भोपाल, रानी कमलापति और ग्वालियर रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही तकनीकी टीम की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोबाइल फोन बंद होने से ठीक पहले युवती की आखिरी लोकेशन कहां पर थी।

युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने पर अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। भोपाल से ग्वालियर के रेल मार्ग, रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल की तकनीकी लोकेशन की जांच की जा रही है। पुलिस टीम जल्द ही युवती को ढूंढ निकालेगी। - जयराज कुबेर, एएसपी ग्वालियर