झोपड़ी में सोते वक्त हुआ हादसा
ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डीआरडीओ के निर्माणाधीन सरकारी आवास परिसर में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रही 35 वर्षीय महिला मजदूर हल्ली चढ़ार को एक जहरीले सांप ने डंस लिया, जिसके चलते उसकी जान चली गई।
यह घटना मंगलवार सुबह करीब 6 बजे की है, जब हल्ली चढ़ार अपने परिवार के साथ सो रही थी। उसी समय वहां एक जहरीला जीव घुस आया। शुरुआत में परिवार के सदस्यों को यह लगा कि किसी साधारण कीड़े ने काटा होगा, इसलिए उन्होंने इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे परिजन
कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद पति चम्मू चढ़ार और अन्य मजदूरों की मदद से उसे मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे ग्वालियर के 1000 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। करीब एक दिन तक चले संघर्ष के बाद बुधवार दोपहर 3 बजे उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर गोला का मंदिर थाना पुलिस भी तुरंत अस्पताल पहुंच गई।
डेढ़ महीने पहले ही ग्वालियर आया था परिवार
मृतक महिला मूल रूप से टीकमगढ़ के समीप स्थित मारोई गांव की रहने वाली थी। वह अपने पति चम्मू चढ़ार, 12 साल की बेटी दिव्यांशी और 10 साल के बेटे हिमांशु के साथ लगभग डेढ़ महीने पहले ही मजदूरी की तलाश में ग्वालियर आई थी।
यह परिवार निर्माणाधीन सरकारी आवास परियोजना स्थल पर ही मजदूरी करता था और परिसर में झुग्गी बनाकर गुजर-बसर कर रहा था। अचानक हुए इस हादसे से मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। स्थानीय थाने द्वारा इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!