ग्वालियर के हजीरा थाना इलाके से एक साथ तीन नाबालिगों के लापता होने से हड़कंप मच गया है। इनमें दो छात्र और एक छात्रा शामिल हैं। सभी अपने-अपने घरों से कोचिंग के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क साधा। पुलिस ने तीनों मामलों में अपहरण की आशंका जताते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।

कोचिंग के बहाने निकले, फिर गायब

पहला मामला गणेश कॉलोनी का है, जहां से 15 वर्षीय प्रिंस सेंगर कक्षा 10वीं की पढ़ाई के लिए शाम करीब 4 बजे कोचिंग जाने का कहकर निकला था। वहीं, चार शहर का नाका क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय उर्वशी उर्फ तपस्या शर्मा सुबह 8 बजे यादव धर्मकांटा स्थित 'आर्ट्स गंगा कोचिंग' के लिए निकली थी और वापस नहीं लौटी। तीसरा मामला पीएचई कॉलोनी का है, जहां से 14 वर्षीय शुभम उर्फ पचौरी शाम 4 बजे गणेश कॉलोनी स्थित कोचिंग के लिए घर से निकला था।

प्रिंस सेंगर का कद करीब 5 फीट 3 इंच, रंग सांवला है और दाहिनी भौंह पर कट का निशान है। घटना के समय वह हल्के गुलाबी टी-शर्ट, काला लोवर और सैंडल पहने था। उर्वशी का रंग गेहूंआ, लंबाई करीब 5 फीट है और उसने जींस-टॉप व जूते पहने थे। शुभम का रंग गोरा, लंबाई करीब 5 फीट 5 इंच है और वह टी-शर्ट, लोवर व सैंडल में था।

पुलिस की सक्रियता और जांच के पहलू

एक ही दिन तीन नाबालिगों के लापता होने की घटना से पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, मोबाइल लोकेशन की पड़ताल की जा रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बच्चों की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन तीनों लापता बच्चों का आपस में कोई संबंध था। क्या वे एक-दूसरे को जानते थे, या किसी ऑनलाइन गेम, सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से जुड़े हुए थे। सभी संभावित कड़ियों को जोड़कर पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।