अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई में सुस्ती
ग्वालियर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासनिक सख्ती के बावजूद नगर निगम की भवन शाखा के सुस्त रवैये पर सवाल उठने लगे हैं। शहर में कुल 932 अवैध कॉलोनियां चिन्हित की गई हैं, लेकिन इनमें से अब तक महज 59 कॉलोनियों पर ही शिकंजा कसा जा सका है। स्थिति यह है कि 33 अवैध कॉलोनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पिछले महीने ही सूची तैयार कर ली गई थी, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने मांगा कड़ा हिसाब
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान ने नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है। कलेक्टर ने जानना चाहा है कि 932 में से 511 अवैध कॉलोनियों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई और इस देरी के लिए कौन-कौन से अधिकारी जिम्मेदार हैं। जिला प्रशासन ने अपने स्तर पर सख्त कदम उठाते हुए अब तक 51 अवैध कॉलोनियों के 76 कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई है, जबकि नगर निगम के स्तर पर सुस्त रवैया जारी है।
सरकारी जमीनों पर भी बस गईं कॉलोनियां
सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। बहोड़ापुर क्षेत्र में आदर्श मिल रोड पर नूर मस्जिद के सामने राजस्व दस्तावेजों में सर्वे नंबर 361/1 की 1.8810 हेक्टेयर और 361/2 की 0.0410 हेक्टेयर भूमि शासकीय नजूल के रूप में दर्ज है। इसके अलावा सर्वे नंबर 362 की 0.1360 हेक्टेयर जमीन पीडब्ल्यूडी के नाम है। इन सरकारी जमीनों पर अवैध कॉलोनियां बसाई जा चुकी हैं। जनसुनवाई से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक शिकायतें पहुंचने के बावजूद स्थानीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी, जिससे कब्जे लगातार बढ़ते चले गए।
अधिकारियों के बयान और आगे की कार्रवाई
क्षेत्रीय एसडीएम द्वारा जो सूचियां नगर निगम को सौंपी गई थीं, उन सभी प्रकरणों में अब तक क्या कार्रवाई हुई है और इसमें देरी के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। - रुचिका चौहान, कलेक्टर
वहीं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय का कहना है कि अवैध कॉलोनियों से जुड़ी सभी जानकारियां जुटाई जा रही हैं और जल्द ही पूरी सूची तैयार कर रिपोर्ट भेज दी जाएगी। इसके साथ ही, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने बताया कि सभी भवन अधिकारियों को अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!