ग्वालियर के लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन (एलएनआईपीई) के बाहर बुधवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थी एकत्र हुए। गुवाहाटी परिसर में हाल ही में हुई एक छात्रा की मौत को लेकर छात्रों में भारी रोष देखा गया, जिसके चलते यह विरोध प्रदर्शन किया गया।

बीपीएड थर्ड ईयर की छात्रा थी मृतका, लापरवाही का आरोप

मृत छात्रा श्रुति बीपीएड तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और एक टेनिस खिलाड़ी भी थी। विद्यार्थियों का आरोप है कि तबीयत बिगड़ने पर भी उसे केवल पेनकिलर और दवाएं दी गईं। मेडिकल लीव मांग रने के बावजूद उसे घर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

अपेंडिक्स फटने और संक्रमण से हुई मौत

छात्रों का दावा है कि अपेंडिक्स फटने के कारण छात्रा के शरीर में संक्रमण फैल गया था, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और अंततः उसकी जान चली गई। इसी लापरवाही के विरोध में ग्वालियर कैंपस के छात्र भी सड़क पर उतरे और दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि दी।

परिजनों के लिए 50 लाख मुआवजे की मांग

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों की मुख्य मांग है कि मृत छात्रा के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और मामले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।

प्रशासन का पक्ष और की गई कार्रवाई

एलएनआईपीई के प्रभारी कुलसचिव प्रो. यतेंद्र तोमर ने इस घटना को अत्यंत दुखद करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थान ने इलाज का पूरा खर्च उठाया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए समिति गठित की जाएगी, जिसके आधार पर दोषियों पर कार्रवाई होगी।