लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद ग्वालियर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम ने मंगलवार को शहरभर में विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें कई कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी सामने आई।
सबसे पहले टीम ने सी कृषि संस्थान कोचिंग का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां लगे कई फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) एक्सपायरी डेट के पाए गए, जबकि कुछ पूरी तरह खाली थे। संस्थान के पास फायर सेफ्टी से संबंधित जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा इंतजाम भी मौजूद नहीं थे। गंभीर लापरवाही को देखते हुए नगर निगम ने कोचिंग सेंटर को सील कर दिया।

इसी दौरान एक लाइब्रेरी में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को अंदर बंद रखने की शिकायत मिली। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 60 से 70 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद लक्ष्मीबाई कॉलोनी स्थित विज्ञान पथ कोचिंग संस्थान की जांच की गई। यहां भी कई फायर सिलेंडर खाली या एक्सपायरी डेट के पाए गए। सुरक्षा मानकों का पालन न होने और आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर कार्यालय को सील कर दिया गया।

अधिकारियों का कहना है कि शहर में बड़ी संख्या में कोचिंग सेंटर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहे हैं। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!