ग्वालियर शहर के नगर निगम मुख्यालय में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सिटी सेंटर स्थित टेंडर शाखा से प्रभारी सहायक यंत्री का डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट यानी डीएससी डोंगल चोरी हो गया है। इस पूरे घटनाक्रम में वार्ड क्रमांक 21 के भाजपा पार्षद का नाम सामने आया है, जिन पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डोंगल चुराने का आरोप लगा है।

23 जुलाई को हुई थी घटना

यह घटना 23 जुलाई 2026 को दोपहर करीब दो बजकर पचास मिनट पर विद्युत विभाग की टेंडर शाखा के भीतर हुई। बताया गया है कि उस वक्त विभाग के टेंडर अपलोड करने की प्रक्रिया चल रही थी, जिसके लिए प्रभारी सहायक यंत्री विद्युत रामबाबू दिनकर का डिजिटल सिग्नेचर डोंगल वहीं मेज पर रखा हुआ था। इसी दौरान वार्ड 21 के पार्षद बृजेश श्रीवास वहां पहुंचे और कुछ देर बैठे।

जब पार्षद वहां से चले गए और कर्मचारियों को टेंडर अपलोड करने के वास्ते डोंगल की आवश्यकता पड़ी, तो वह अपनी जगह पर नहीं मिला। कर्मचारियों ने पूरे दफ्तर में उसकी खोजबीन की, लेकिन शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई हरकत

डोंगल के गायब होने के बाद कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इस दौरान सामने आया कि पार्षद बृजेश श्रीवास ने टेबल पर रखे डिजिटल सिग्नेचर डोंगल को उठाया और अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद वे वहां से चलते बने। टेंडर शाखा के लिपिक बनवारी बाथम, कंप्यूटर ऑपरेटर दुष्यंत शर्मा और लवलेश श्रीवास्तव ने भी लिखित बयान देकर इस बात की पुष्टि की है कि पार्षद डोंगल को अपने साथ ले गए थे।

निगमायुक्त के निर्देश पर होगी एफआईआर

डोंगल के गायब होने से टेंडर प्रक्रिया प्रभावित होने और उसके दुरुपयोग की आशंका बनी हुई है। इस गंभीरता को देखते हुए निगमायुक्त संघप्रिय ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस को पत्र लिखकर पार्षद के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही टेंडर शाखा के नोडल अधिकारी यशवंत मैकले को थाने में उपस्थित होकर औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अधिकृत किया गया है।