राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित की जाने वाली नीट पीजी परीक्षा-2026 आज यानी 30 अगस्त को ग्वालियर शहर के दो निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी।
एक ही सत्र में होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा
यह महत्वपूर्ण परीक्षा एक ही सत्र में सुबह 9 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा पूरी तरह से कंप्यूटर आधारित प्रणाली के माध्यम से आयोजित की जा रही है।
ग्वालियर बनाए गए दोनों केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में कुल 1,356 परीक्षार्थी शामिल होकर अपनी किस्मत आजमाएंगे। प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सुरक्षा और नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और संचार साधनों के ले जाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है।
नियमों के तहत परीक्षार्थी अपने साथ स्पाई कैमरे, कैमरे वाले चश्मे, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरपीस, नोट्स, सादा कागज या अन्य किसी भी प्रकार की नकल सामग्री केंद्र के भीतर नहीं ले जा सकेंगे।
बारिश और जलभराव को लेकर विशेष हिदायत
जिले में चल रहे बारिश के दौर को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से काफी पहले अपने घरों से रवाना होने की हिदायत दी है।
प्रशासन का मानना है कि बारिश के कारण रास्ते में जलभराव या ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं आ सकती हैं, इसलिए परीक्षार्थी पर्याप्त समय लेकर ही अपने केंद्र के लिए प्रस्थान करें।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!