ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एयरफोर्स स्कूल से एक 12 वर्षीय छात्रा के लापता होने से हड़कंप मच गया। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली यह छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर नहीं पहुंची, जिससे स्कूल प्रबंधन और एयरफोर्स कैंपस में चिंता फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तीन विशेष दल गठित किए। शहर के विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर छात्रा के रास्ते का पता लगाया गया। लगभग तीन घंटे की गहन खोजबीन के बाद उसे करीब 10 किलोमीटर दूर जहांगीरपुर गांव के पास से सुरक्षित ढूंढ निकाला गया और परिजनों को सौंप दिया गया।

गलत बस में बैठने से हुई परेशानी

पुलिस के मुताबिक, छात्रा एयरफोर्स कैंपस में रहती है और रोजाना एयरफोर्स की बस से घर लौटती थी। बुधवार शाम लगभग 4 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद, वह गलती से एयरफोर्स की बस की जगह सिविलियन बच्चों की बस में बैठ गई। बस में मौजूद महिला स्टाफ ने छात्रा को पहचान लिया और उससे पूछताछ की। छात्रा ने बताया कि उसके माता-पिता सूर्य मंदिर पर उसका इंतजार कर रहे हैं। स्टाफ ने परिजनों से संपर्क कराने के लिए मोबाइल नंबर मांगा, लेकिन छात्रा द्वारा दिया गया नंबर गलत निकला।

इसके बाद बस स्टाफ ने उसे सूर्य मंदिर चौराहे के पास उतार दिया। जब दिए गए नंबर पर संपर्क किया गया, तो पता चला कि वह किसी और व्यक्ति का नंबर था और उसकी कोई बेटी एयरफोर्स स्कूल में नहीं पढ़ती थी। इस जानकारी के बाद स्कूल प्रबंधन, परिजनों और पुलिस को सूचित किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से मिला रास्ता

गोला का मंदिर थाना पुलिस ने छात्रा के सूर्य मंदिर चौराहे पर उतरने के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज में छात्रा पैदल चलती हुई दिखाई दी। पुलिस ने एक-एक कैमरे की फुटेज को जोड़कर उसके पूरे रास्ते का पता लगाया। जांच में पता चला कि छात्रा सूर्य मंदिर से कालपी ब्रिज, फिर 7 नंबर चौराहा, सीपी कॉलोनी होते हुए जडेरुआ बांध तक पहुंची थी। अंततः पुलिस ने उसे जडेरुआ बांध से आगे जहांगीरपुर गांव के पास सड़क किनारे पैदल चलते हुए पाया। उस वक्त छात्रा काफी डरी हुई थी।

परिजनों को सौंपा, अब होगी काउंसलिंग

पुलिस छात्रा को सुरक्षित थाने ले आई और प्राथमिक देखभाल के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया। अपनी बेटी को सकुशल देखकर माता-पिता भावुक हो उठे। पुलिस ने बताया कि छात्रा अभी सदमे में है, इसलिए उससे विस्तृत पूछताछ नहीं की जा सकी है। गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने जानकारी दी कि, "छात्रा के लापता होने की सूचना मिलते ही तीन पुलिस टीमें सक्रिय की गईं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसका रूट ट्रैक किया गया और तीन घंटे के भीतर उसे जहांगीरपुर गांव के पास से सुरक्षित ढूंढ निकाला गया।" उन्होंने आगे कहा कि, "छात्रा फिलहाल सदमे में है। काउंसलिंग के बाद महिला अधिकारी उससे बातचीत करेंगी और उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, ताकि यह पता चल सके कि वह गलती से दूसरी बस में बैठी थी या कोई और वजह थी। साथ ही, गलत मोबाइल नंबर देने के कारण की भी जांच की जाएगी।"