महज पांच मिनट में मौके पर पहुंची एफआरबी टीम
शनिवार दोपहर को गोराघाट थाना इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवती ने सिंध नदी में कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही आपातकालीन सेवा डायल-112 को तुरंत सूचना दी गई।
कंट्रोल रूम से इवेंट आईडी मिलने के बाद पुलिस की एफआरबी (फर्स्ट रिस्पॉन्स वाहन) टीम ने बिना एक पल गंवाए मात्र पांच मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच दर्ज कराई।
आरक्षक और पायलट की सूझबूझ से बची जान
मौके पर पहुंचे आरक्षक राघवेंद्र शर्मा और वाहन पायलट गिर्राज शर्मा ने स्थानीय महिला की सहायता से तत्परता दिखाई। उन्होंने समझदारी से काम लेते हुए युवती को नदी में कूदने से पहले ही दबोच लिया और सुरक्षित पकड़कर उसकी जान बचा ली।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस टीम तुरंत युवती को एफआरबी वाहन में बैठाकर गोराघाट थाने ले आई, जहां उससे पूछताछ की गई।
ग्वालियर के डबरा की रहने वाली है युवती
पुलिस पूछताछ के दौरान युवती ने अपनी पहचान ग्वालियर जिले के डबरा की रहने वाली के रूप में बताई। गोराघाट थाना प्रभारी विनीत तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती मानसिक रूप से कमजोर है और उसका इलाज चल रहा है। समय पर मिली पुलिस सहायता से एक परिवार की बड़ी ट्रेजडी टल गई।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!