भितरवार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करेरा रोड पर एक संदिग्ध परिस्थिति में युवक का शव मिलने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में ले लिया।

शराब दुकान के पास मिला शव

पुलिस को जानकारी मिली थी कि करेरा रोड पर स्थित कलारी के पास मिथिलेश मोदी की दुकान के नजदीक एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। खबर मिलते ही एसडीओपी गगन हनवत पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।

जांच-पड़ताल के दौरान मृतक की शिनाख्त वार्ड क्रमांक 15 के रहने वाले ज्ञानी बाथम के रूप में की गई है। आसपास के बाशिंदों ने पुलिस को बताया कि ज्ञानी को शराब पीने की लत थी और वह अक्सर इसी इलाके में देखा जाता था.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़के करीब चार बजे उसे सड़क के किनारे एक दरवाजे के पास सोते हुए देखा गया था। इसके कुछ देर बाद वह मार्केट के बाहर आकर लेट गया था, जहां सुबह उसका शव बरामद किया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

इस मामले में एसडीओपी गगन हनवत ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और उससे पहले की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

प्रशासन का कहना है कि युवक की मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।