ग्वालियर और डबरा क्षेत्र के ऊपरी हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में आज सुबह हरसी बांध पूरी तरह से भर गया और इसका प्रभाव निचले इलाकों में दिखने लगा है।
अपर ककेटो बांध के खोले गए पांच गेट
अपर ककेटो बांध के कैचमेंट एरिया में भारी बारिश के बाद जलस्तर बढ़ने पर बांध के पांच गेट खोल दिए गए हैं। इनसे लगभग 452.08 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया है, जो पार्वती नदी के जरिए सीधे हरसी बांध तक पहुंच रहा है।
पानी की लगातार आवक के चलते हरसी बांध का बेस्ट वियर वर्तमान में सवा फीट (1.2 फीट) ऊपर बह रहा है। हरसी के एसडीओ अमर मांझी ने जानकारी दी है कि यदि बारिश का यह क्रम नहीं थमा, तो जलस्तर में और अधिक बढ़ोतरी हो सकती है।
पार्वती और सिंध नदी के तटीय गांवों में चेतावनी
बांध से पानी छोड़े जाने और उफान को देखते हुए प्रशासन ने पार्वती और सिंध नदी के किनारे बसे दर्जनों गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है। मोहनीसागर और मणिखेड़ा बांध से सिंध नदी में भी पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया के निर्देश पर नदी किनारे स्थित गांवों में मुनादी करवाई गई है। प्रशासन ने पनानेर, कैथोड, धोबट, खिरिया, बोढी, जखावार, गधोटा, सिल्हा, पलायछा खेरा, नजरपुर, आदमपुर, आसन, भितरवार, मछरया, पवाया, घाटखेरिया, डडोमर, गोलेश्वर, सहारन, मसूदपुर, खरगोली और बासोडी के ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी के करीब न जाएं।
ग्रामीणों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर बने रहने की अपील की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!