ग्वालियर जिले के भितरवार इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है। रिछारी कला गांव के रहने वाले एक 25 वर्षीय युवक का शव आज दोपहर पार्वती नदी से बरामद किया गया है। मृतक पिछले एक दिन से लापता चल रहा था।
दुकान जाने की बात कहकर घर से निकले थे ललित
रिछारी कला निवासी 25 वर्षीय ललित रावत बीती शाम घर से भितरवार स्थित अपनी खाद-बीज की दुकान पर जाने की कहकर निकले थे। जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान पार्वती नदी के पास उनकी मोटरसाइकिल और अन्य सामान लावारिस हालत में मिला।
रातभर चला गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही भितरवार एसडीओपी गगन हनमत पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए थे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रात में ही पार्वती नदी में तलाश अभियान शुरू कर दिया गया था, हालांकि अंधेरा अधिक होने के कारण रात को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा था।
आज सुबह एसडीईआरएफ की टीम और पुलिस ने फिर से नदी में खोजबीन शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर के वक्त टीम ने घटनास्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी से ललित रावत का शव पानी से बाहर निकाला।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस संबंध में मर्ग कायम कर लिया गया है। एसडीओपी गगन हनमत ने बताया कि नदी किनारे बाइक मिलने के बाद से ही सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था और अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!