भिंड शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वाटर वर्क्स इलाके की शहीद कॉलोनी में रविवार को एक युवक ने आत्महत्या कर ली। करीब 24 वर्षीय इस युवक ने अपने ही घर के एक कमरे में फंदा लगाकर यह खौफनाक कदम उठाया।

रक्षाबंधन मनाने मायके गई थी पत्नी

मृतक की पहचान अमन पुत्र राजेश सिंह राजावत के रूप में हुई है। घटना के समय अमन घर में अकेला था। उसकी पत्नी कीर्ति राजावत रक्षाबंधन के त्यौहार पर अपने मायके गई हुई थी। रविवार दोपहर को वह अपने भाई सुमित भदौरिया के साथ वापस अपने घर लौटी थी।

घर लौटने पर मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। पत्नी और उसके भाई ने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर साले सुमित ने सूझबूझ दिखाते हुए पड़ोसी की छत का सहारा लिया।

पड़ोसी की छत से झांकने पर चला पता

सुमित पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते से अमन के घर की छत पर उतरा। जब उसने अंदर झांककर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि अमन फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। इस वीभत्स दृश्य को देखकर वहां कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग भी तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके आधार पर स्थानीय थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

सिटी कोतवाली थाने के प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और उसे जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अमन की शादी लगभग तीन साल पहले हुई थी और उसके परिवार में उसकी पत्नी व एक छोटी बेटी हैं। उसके पिता राजेश सिंह राजावत गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।