ग्वालियर-चंबल अंचल के भिंड जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को व्यापक स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत भिंड और मिहोना क्षेत्र के विभिन्न होटलों, ढाबों और एक डेयरी की जांच की गई, जिससे कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

सूर्या ढाबे की किचन में मिली भारी गंदगी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर ने ग्वालियर रोड स्थित सूर्या ढाबा, जयगुरुदेव भोजनालय, विरासत होटल और खाना कंपनी की किचन का निरीक्षण किया। ग्वालियर रोड पर स्थित सूर्या ढाबे की रसोई में साफ-सफाई के स्तर पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया है।

जयगुरुदेव भोजनालय में नहीं मिला लाइसेंस

जांच के दौरान जयगुरुदेव भोजनालय में आवश्यक खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया। टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को नियमों का पालन करने और दस्तावेज दुरुस्त रखने की हिदायत दी। इसके अलावा, खाना कंपनी और विरासत होटल समेत प्रमुख प्रतिष्ठानों से पनीर के नमूने संकलित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

मिहोना में डेयरी पर पकड़ा गया मिलावटी मावा

दूसरी तरफ, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी ने मिहोना तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम चांदोख स्थित उत्तम डेयरी पर अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान डेयरी संचालक उत्तम शर्मा दूध में वनस्पति घी और ग्लूकोज पाउडर मिलाकर मावा तैयार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

मौके से टीम ने लगभग 50 किलोग्राम मावा, 32 किलोग्राम वनस्पति और 13.8 किलोग्राम ग्लूकोज पाउडर जब्त किया है। साथ ही, दूध, मावा और अन्य सामग्रियों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अनियमितताएं पाए जाने पर रजिस्ट्रीकरण प्राधिकारी रेखा सोनी ने उत्तम डेयरी का खाद्य रजिस्ट्रेशन तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है और लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।