पेट दर्द की शिकायत पर दी थी गोली
दबोह थाना क्षेत्र के अमाहा गांव की यह घटना है जहां रविंद्र दौहरे ट्रक लेकर कोंच गए हुए थे। सोमवार शाम उनकी पत्नी शारदा देवी ने उन्हें फोन पर जानकारी दी कि उनकी 10 साल की बेटी पूर्वी के पेट में अचानक दर्द उठ गया है।
शारदा देवी ने मोहल्ले की रहने वाली रितु को गांव के ही पातीराम कुशवाहा की किराना दुकान से दवा लाने के लिए भेजा था। रितु दुकान से एक टैबलेट लेकर आई थी, जिसमें से आधी गोली शारदा ने अपनी बेटी पूर्वी को खिला दी।
अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत
दवा खाने के कुछ ही देर बाद बच्ची पूर्वी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। इसी बीच पिता रविंद्र भी कोंच से घर लौट आए और वे तुरंत बेटी को लेकर इलाज के वास्ते लहार सिविल अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद पूर्वी को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि उपचार के दौरान बच्ची के मुंह और नाक से झाग निकलने लगा था, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
घटना के बाद परिजनों ने किराना दुकानदार पातीराम कुशवाहा पर गलत दवा देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस सिलसिले में दबोह थाने में लिखित आवेदन दिया गया है, जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर तहकीकात शुरू कर दी है।
दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने बताया कि पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि दवा कौन सी थी और उसका सेवन करने के बाद बच्ची की स्थिति कितनी देर में गंभीर हुई। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!