जिलेभर के मेडिकल स्टोरों पर अनियमीताओं पर लगाम कसने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को एक बड़ा औचक निरीक्षण अभियान चलाया। औषधि निरीक्षक डॉ. आकांक्षा गरुड़ ने भिंड शहर और गोहद तहसील क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर एक दर्जन से अधिक दवा दुकानों की बारीकी से जांच की। इस दौरान दुकानों के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और फार्मासिस्ट की उपलब्धता की प्रमुख रूप से पड़ताल की गई।
भिंड और गोहद के कई प्रतिष्ठान रहे जांच के दायरे में
निरीक्षण अभियान के दौरान अधिकारियों ने भिंड में स्थित देव मेडिकल स्टोर, बीएमएच फार्मेसी, ओझा मेडिकल स्टोर, सिंघई मेडिकल स्टोर और देव मेडिकल एजेंसी का निरीक्षण किया। इसके साथ ही गोहद क्षेत्र में संचालित साक्षी मेडिकल स्टोर, राठौर मेडिकल स्टोर, राज मेडिकल स्टोर, नारायण मेडिकल स्टोर और गुरु कृपा मेडिकल स्टोर पर भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया।
फार्मासिस्ट न मिलने पर थमाया नोटिस, रिकॉर्ड तलब
जांच के क्रम में जब टीम बीएमएच फार्मेसी पर पहुंची, तो वहां अधिकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिला, जिसके चलते इस फर्म को औपचारिक नोटिस जारी किया गया है। वहीं, देव मेडिकल एजेंसी, सौरभ ट्रेडर्स और स्वागत ट्रेडर्स को तीन दिन के भीतर अपनी दवाइयों की खरीद-फरोख्त का संपूर्ण रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि तय सीमा में दस्तावेज न मिलने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मौ की अनमोल मेडिकल एजेंसी का लाइसेंस निरस्त और लिए गए सैंपल
इस व्यापक कार्रवाई के तहत मौ कस्बे में स्थित अनमोल मेडिकल एजेंसी का लाइसेंस पूरी तरह से निरस्त कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, बाजार में बिक रही दवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए कुल पांच विभिन्न सैंपल जब्त किए गए हैं। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए भोपाल स्थित राजकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
दवा व्यापारियों को दिए गए सख्त दिशा-निर्देश
औषधि निरीक्षक ने सभी दुकान संचालकों को हिदायत दी है कि वे अपने लाइसेंस को दुकान में ऐसी जगह लगाएं जो ग्राहकों को स्पष्ट दिखे और हमेशा योग्य फार्मासिस्ट की उपस्थिति सुनिश्चित करें। एक्सपायरी डेट की दवाओं को सामान्य स्टॉक से अलग सुरक्षित स्थान पर रखने तथा स्टॉक रजिस्टर को अद्यतन रखने को कहा गया है। साथ ही, फ्रिज में स्टोर होने वाली औषधियों के उचित रखरखाव और बिना डॉक्टर के पर्चे के शेड्यूल दवाएं न बेचने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!