अशोकनगर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और वाहन चालकों में सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को शहर में मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई की गई। इस दौरान यातायात पुलिस और मजिस्ट्रेट की टीम ने संयुक्त रूप से सड़कों पर उतरकर वाहनों की सघन जांच की।
गांधी पार्क और सेन तिराहे पर की गई चेकिंग
यह विशेष जांच अभियान शहर के प्रमुख स्थलों से संचालित किया गया। सबसे पहले गांधी पार्क क्षेत्र में वाहनों की फिटनेस और दस्तावेजों की जांच की गई, जिसके बाद टीम ने सेन तिराहा पहुंचकर मोर्चा संभाला और आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट सोनल गुप्ता, प्रिया चौहान और यातायात प्रभारी अजीत सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ प्रमुख रूप से मौजूद रहे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पैनी नजर रखी।
बिना हेलमेट और मोबाइल पर बात करने वालों पर कार्रवाई
जांच के दायरे में मुख्य रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले, बाइक पर तीन सवारी बैठाने वाले और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले लोग रहे। इसके अतिरिक्त बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, सीट बेल्ट न लगाने वाले कार चालकों और बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर की भी बारीकी से जांच की गई।
कुल 23 चालान काटकर वसूले गए 13,500 रुपये
सेन तिराहे पर चले इस अभियान के दौरान नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वाले कुल 23 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 13,500 रुपये का अर्थदंड वसूला।
कार्रवाई के साथ ही अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें हिदायत दी गई कि वे वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!