थ्रेसर का सामान लेने घर से निकला था युवक

शिवपुरी जिले के म्याना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छीरखेड़ा गांव के रहने वाले 29 वर्षीय राजकुमार धाकड़ के साथ यह दुखद हादसा हुआ है। बुधवार की शाम को राजकुमार अपनी बाइक से थ्रेसर मशीन का कुछ जरूरी सामान खरीदने के सिलसिले में लुकवासा की तरफ रवाना हुआ था।

परिवार के लोगों ने जानकारी दी कि राजकुमार अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 08 ZJ 5019) से शाम करीब 6 बजे घर से बाहर गया था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा और रात करीब 10:30 बजे परिजनों को मनहूस खबर मिली कि फोरलेन पर उसका एक्सीडेंट हो गया है।

फोरलेन पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

यह दुर्घटना लुकवासा फोरलेन पर स्थित इंडियन प्योर फ्यूल पेट्रोल पंप के समीप हुई। यहां किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने राजकुमार की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के कारण युवक के सिर में बेहद गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

घटना के तुरंत बाद घायल युवक को उपचार के लिए कोलारस के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, परंतु अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सालय पहुंचने पर परिजनों ने शव की शिनाख्त की।

पुलिस प्रशासन ने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए गुरुवार को कोलारस स्वास्थ्य केंद्र में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की छानबीन शुरू कर दी है।