शिवरा मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा

श्योपुर जिले के गसवानी थाना अंतर्गत गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे शिवरा मोड़ के पास एक अनियंत्रित और ओवरलोड पिकअप वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर सवार50 वर्षीय राकेश धाकड़ की मौके पर ही सांसें थम गईं।

सहसराम जा रहे थे पिता और दोनों बेटियां

मृतक राकेश धाकड़ अपनी दो बेटियों कृतिका (18) और साध्वी (19) के साथ बाइक पर सवार होकर सहसराम की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बेराड़ की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद दुर्घटनास्थल पर आसपास के राहगीरों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर की गईं बेटियां

हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवतियों को स्थानीय लोगों की सहायता से तुरंत विजयपुर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।

फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही गसवानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आशा मौर्य ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक वाहन सहित फरार हो गया है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।