मुरैना जिले के नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार की शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहां रूटीन चेकिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस आरक्षक को एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
बाइक सवार को रोकने का दे रहे थे इशारा
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस दल एक कार्रवाई के बाद वापस लौट रहा था और नियमानुसार हाईवे पर वाहनों की जांच कर रहा था। इसी दौरान सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी सड़क पर गुजर रहे एक बाइक सवार को रुकने का संकेत दे रहे थे। तभी मुरैना की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन (UP 80 HP 5447) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
ग्वालियर ले जाते समय तोड़ा दम
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने घायल आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश ग्वालियर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक मौके से वाहन लेकर तेजी से फरार हो गया था। थाना प्रभारी उदयभान यादव ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ तुरंत वाहन का पीछा करना शुरू किया।
12 किलोमीटर तक पीछा कर पकड़ा वाहन
पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर तक लगातार पीछा करने के बाद नूराबाद इलाके के पास घेराबंदी कर लोडिंग वाहन को पकड़ लिया और उसके चालक को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार इस वाहन में सब्जियां भरी हुई थीं। पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!