शिवपुरी शहर में चोरों ने एक बार फिर अपनी सक्रियता दिखाई है। बीती रात चोरों के एक गिरोह ने शहर के कोतवाली और देहात थाना क्षेत्रों में स्थित चार अलग-अलग किराना दुकानों को अपना निशाना बनाया। इन दुकानों से चोर लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान चुराकर ले गए। गनीमत यह रही कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।
कोतवाली क्षेत्र में तीन दुकानों को बनाया निशाना
कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसपैठ की। सबसे पहले यातायात थाने के सामने विष्णु कुमार गुप्ता की किराना दुकान को निशाना बनाया गया। चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर गल्ले में रखे करीब 2,500 रुपये नकद के साथ ही बड़ी मात्रा में ड्राई फ्रूट्स, सिगरेट और पान मसाले पर हाथ साफ कर दिया।
इसके बाद चोरों ने ओम प्रकाश सिंघल की दुकान में भी सेंध लगाई और वहां से लगभग 25,000 रुपये नकद के साथ अन्य सामान चुरा लिया। फतेहपुर इलाके में लक्ष्मण जैन की किराना दुकान भी चोरों से बच नहीं पाई। यहां से करीब 5,000 रुपये नकद और कुछ अन्य सामान चोरी कर बदमाश फरार हो गए।
देहात थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी चोरी
देहात थाना क्षेत्र में चोरों ने सबसे बड़ी वारदात को अंजाम दिया। काली माता मंदिर के पास स्थित मनोज धाकड़ की थोक एवं खुदरा किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने अंदर प्रवेश किया। यहां से चोरों ने डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी के साथ ही ड्राई फ्रूट्स, सिगरेट और पान मसाले पर हाथ मारा।
व्यापारी ने बताई दुकान में नकदी रखने की वजह
पीड़ित दुकानदार मनोज धाकड़ ने बताया कि उन्हें एक व्यापारी को भुगतान करना था, लेकिन वह रात तक पैसे लेने नहीं आ सका। इस कारण उन्होंने लगभग 11:30 बजे रात में नकदी दुकान में ही रख दी थी। सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो चोरी का पता चला।
सीसीटीवी फुटेज से तलाश जारी
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश एक काले रंग की कार में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार हो रही इन चोरियों की घटनाओं ने शहर में पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!