शिवपुरी शहर के व्यस्त कोर्ट रोड स्थित दुर्गा टॉकीज के पास बुधवार रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां शराब के नशे में धुत एक युवक ने हाथ में हंसिया लेकर राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर उत्पात मचाया।

हंसिया लहराते हुए की थी गाली-गलौज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर दुर्गा टॉकीज के पास पहुंचे थे। इनमें से एक युवक के हाथ में हंसिया था। आरोप है कि नशे की हालत में उसने सड़क पर हथियार लहराते हुए वहां मौजूद नीरज शर्मा और उसके भाई के पास पहुंचकर अभद्रता शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी युवक ने दोनों भाइयों के साथ सरेराह गाली-गलौज की और उन पर हंसिया से हमला करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

भाइयों ने खुद संभाला मोर्चा, रस्सियों से बांधा

अचानक हुए इस हमले से घबराने के बजाय नीरज शर्मा और उसके भाई ने हिम्मत दिखाई और अपना बचाव करते हुए आरोपी को धर दबोचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उन्होंने आरोपी के हाथ और पैर रस्सी से कसकर बांध दिए और तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।

घटना की खबर मिलते ही कोतवाली थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बंधे हुए युवक के हाथ-पैर खुलवाए और उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले आई।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, फरार साथी की तलाश

पकड़े गए हंगामेबाज की पहचान कृष्णपुरम कॉलोनी निवासी दीपक नामदेव के रूप में हुई है। हालांकि, उसके साथ बाइक पर आया दूसरा युवक मौके से फरार होने में कामयाब रहा जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी दीपक और पीड़ित भाइयों के बीच कोई पुरानी जान पहचान नहीं थी। नीरज शर्मा ने भी आरोपी को पहचानने से इंकार किया है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथिमकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।