शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के मानीपुरा इलाके में स्थानीय आयोजन के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। झांकी देखने पहुंचे दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
घर तक पहुंचकर किया गया हमला
घटना के संबंध में मानीपुरा निवासी आकाश कुशवाह ने पुलिस को बताया कि वह उत्सव के दौरान झांकी देखने गया था। वहां बृजेश कुशवाह, बनवारी कुशवाह और सोनू कुशवाह ने पुराने विवाद के चलते उसके साथ अभद्रता की और गालियां दीं। जब वह वहां से अपने घर वापस लौट रहा था, तब आरोपी उसका पीछा करते हुए उसके घर के दरवाजे तक आ धमके।
पीड़ित आकाश का आरोप है कि घर के सामने आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में उसकी बाईं आंख, मुंह और सिर पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आई उसकी मां उमा कुशवाह और प्रवीण जोगी के साथ भी अभ्यद्र व्यवहार किया गया। जाते-जाते आरोपियों ने उसका चाट का ठेला लगाने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई मारपीट की शिकायत
इस मामले के दूसरे पक्ष से तिवारी मोहल्ला कोलारस निवासी 22 वर्षीय बृजेश कुशवाह ने भी थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। बृजेश का कहना है कि वह भी मानीपुरा क्षेत्र में झांकी देखने के लिए गया हुआ था। उसी दौरान मनोज कुशवाह, आकाश कुशवाह और मोतीलाल जाटव के छोटे बेटे ने पुरानी रंजिश के कारण उसे रास्ते में रोककर गालियां दीं।
बृजेश ने पुलिस को बताया कि जब उसने गाली-गलौज का विरोध किया, तो उन तीनों ने मिलकर उसे थप्पड़ और लात-घूंसों से पीटा। मौके पर मौजूद रामेश्वर जाटव और रमेश जाटव ने बीच-बचाव करके उसकी जान बचाई और उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया।
कोलारस पुलिस ने दर्ज की क्रॉस एफआईआर
दोनों पक्षों की तरफ से मिली लिखित शिकायतों और आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कोलारस थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर उनके आधार पर क्रॉस एफआईआर पंजीबद्ध कर ली है। फिलहाल स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है ताकि विवाद की असली वजह और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!