सड़क हादसे में हुई थी युवक की मौत

शिवपुरी जिले के पिछोर-खनियाधाना मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चाहत लोधी नामक युवक की जान चली गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में गहरा आक्रोश फैल गया, जिसके चलते गुरुवार को पिछोर थाने के सामने जमकर प्रदर्शन किया गया।

ममरौनी से पिछोर जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय मृतक चाहत लोधी खनियाधाना क्षेत्र के ममरौनी गांव का रहने वाला था। गुरुवार की सुबह वह अपने साथी अंशुल लोधी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर ममरौनी से पिछोर की ओर जा रहा था। जब उनकी बाइक पिछोर से करीब छह किलोमीटर दूर दविया-जगन बदनपुर के पास पहुंची, तभी सीमेंट से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में चाहत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

कार्रवाई में देरी का आरोप लगाकर लगाया जाम

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने पिछोर थाने के सामने मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया। इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।

परिजनों का आरोप था कि हादसे के तुरंत बाद उन्हें घटना की सही सूचना नहीं दी गई। उनके साथी अंशुल ने फोन पर चाहत को झांसी में भर्ती कराए जाने की बात कही थी, जबकि असलियत में उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इसके अलावा डायल 112 के वाहन चालक पर भी ट्रक ड्राइवर के साथ सांठगांठ होने के गंभीर आरोप लगाए गए।

पुलिस के समझाने के बाद खुला जाम

हंगामे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने बताया कि टक्कर मारने वाले ट्रक को खनियाधाना में पकड़ लिया गया है। पुलिस द्वारा ट्रक को जब्त करते हुए आरोपी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।