शिवपुरी जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आम जनता ने अपनी समस्याएं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं में अनियमितताओं और प्रशासनिक दावों की पोल खोलती शिकायतें दर्ज कराईं।
कलेक्टर से मिले भाजपा जिलाध्यक्ष
जनसुनवाई के बीच भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अपनी कुर्सी से उठकर श्री जाटव का स्वागत किया और उन्हें अपने साथ केबिन के अंदर ले गए। हालांकि, दोनों के बीच हुई बंद कमरे की इस चर्चा में किन विषयों पर बातचीत हुई, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है।
स्कूल भवन न होने से चौपाल पर लग रही क्लास
ग्रामीण क्षेत्रों से आई समस्याओं में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली भी सामने आई। ग्राम पंचायत दौरानी के अंतर्गत आने वाले चक्क गांव के रहवासियों ने बताया कि उनके गांव में अब तक सरकारी स्कूल का भवन नहीं बन पाया है। मजबूरी में बच्चों को पंचायत भवन की चौपाल पर ही शिक्षा दी जा रही है। बारिश के मौसम में इन नौनिहालों और शिक्षकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिसपर ग्रामीणों ने नया स्कूल भवन बनवाने की गुहार लगाई।
प्रधानमंत्री आवास योजना में अवैध वसूली के आरोप
ग्राम पंचायत इन्दर के ग्रामीण बड़ी संख्या में जनसुनवाई में पहुंचे और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना व अन्य कुटीर योजनाओं में नाम जोड़ने की एवज में एक से दो हजार रुपए तक वसूले जा रहे हैं। इसके अलावा मनरेगा के तहत मजदूरों से काम कराने के बजाय मशीनों का इस्तेमाल किए जाने और जॉब कार्ड अपने पास रख लेने की गंभीर शिकायत भी दर्ज कराई गई, जिसपर जांच की मांग की गई है।
बीमा राशि और बकाया भुगतान की गुहार
पिछोर इलाके की रहने वाली रानी नामक महिला ने दुखड़ा रोते हुए बताया कि पति की मृत्यु के बाद भी उसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ नहीं मिला है। शुरुआत में उसे नॉमिनी बनाए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब इस बात से मुकरा जा रहा है। वहीं हिम्मतपुर की कृष्णा लोधी ने अपनी बेची गई मूंगफली के एक लाख चौरानवे हजार चार सौ तैंतीस रुपए बकाया भुगतान न मिलने और पैसे मांगने पर धमकाए जाने की शिकायत करते हुए न्याय मांगा है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!