माधव चौक पर सुबह-सुबह मचा हड़कंप
ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले के प्रमुख माधव चौक पर सोमवार की सुबह एक महिला के नशे में हंगामा करने का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला सरेराह उत्पात मचाती हुई दिखाई दे रही है।
पोहा विक्रेता के साथ की अभद्रता
प्रत्यक्षदर्शियों और पोहा ठेला संचालक पप्पू कुशवाह के मुताबिक, संबंधित महिला अत्यधिक नशे की हालत में उनके ठेले पर आ धमकी थी। इसके बाद वह बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगी और ठेले पर रखा सामान बिखेरने का प्रयास किया। जब पास के ही दूसरे ठेले वाले ने उसे ऐसा करने से रोका, तो महिला ने हाथ में चप्पल निकालकर उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
पुलिसकर्मी से भी उलझ गई महिला
हंगामे की सूचना मिलने पर यातायात थाने के सब-इंस्पेक्टर इंतजार हुसैन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात को नियंत्रित करने और महिला को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन महिला अधिकारी से ही उलझ पड़ी और उन्हें चप्पल से मारने का प्रयास करने लगी।
जांच में जुटी स्थानीय पुलिस
मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है। एसआई इंतजार हुसैन ने जानकारी दी कि वे कोतवाली गए थे और महिला पुलिस बल के साथ दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी महिला वहां से जा चुकी थी। पुलिस का कहना है कि इस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!