अंचल में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवपुरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। आरोपी के पास से 8 देशी पिस्टल और 32 बोर के 10 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
साढ़े तीन लाख रुपए आंकी गई हथियारों की कीमत
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान अंशुल अहिरवार (20) पुत्र ग्याप्रसाद अहिरवार के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से दतिया जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र के ग्राम छता का रहने वाला है और वर्तमान में दतिया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ कॉलोनी में निवास कर रहा था। पुलिस द्वारा जब्त किए गए इन हथियारों और कारतूसों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी
सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में हथियारों की खेप लेकर इलाके में आने वाला है। इस सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया गया, जिसके बाद सिरसौद थाना पुलिस और हिम्मतपुर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर शिवपुरी-श्योपुर मार्ग पर खोरघार पुलिया के पास चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
चेकिंग के दौरान एक युवक नीले रंग का बैग लेकर संदिग्ध हालत में बैठा हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसकी गतिविधियां आशंकित लगीं, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 8 देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
सेंधवा से दतिया ले जाए जा रहे थे हथियार
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह इन अवैध हथियारों को बड़वानी जिले के सेंधवा क्षेत्र से खरीदकर दतिया ले जा रहा था। यात्रा के दौरान रास्ते में उसे तेज नींद आ गई थी, जिसके चलते वह गलती से श्योपुर निकल गया था और वहां से वापसी के वक्त शिवपुरी में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ करने में जुटी है कि उसने सेंधवा में किस व्यक्ति से हथियार खरीदे थे और इन्हें दतिया में किसे सौंपा जाना था। इस तस्करी के पीछे जुड़े सिकलीगर नेटवर्क और अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की भी गहराई से जांच की जा रही है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ सिरसौद थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं (25/27 और 25(1-क)) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी सिरसौद धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर और हिम्मतपुर चौकी प्रभारी रामानंद पचौरी समेत उनकी पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!