विसर्जन जुलूस के दौरान हुआ हादसा

ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना अंतर्गत आने वाले सरखंडी गांव में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां माता विसर्जन के लिए निकाले जा रहे जुलूस के दौरान एक डीजे वाहन ने महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर स्थिति बन गई और बाद में मौत हो गई।

पीछे से मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, सरखंडी गांव के लोग माता की प्रतिमा के विसर्जन के लिए नदी की तरफ जा रहे थे। इस जुलूस में तेज आवाज के साथ डीजे वाहन भी चल रहा था, जिस पर भजन बज रहे थे और ग्रामीण नृत्य कर रहे थे। इसी बीच डीजे वाहन के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए पीछे से 55 वर्षीय मथुरा आदिवासी पत्नी केसरिया आदिवासी को टक्कर मार दी।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग घायल महिला को तुरंत बाइक के जरिए खरई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया।

इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतका के घर में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।