ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले में विजयादशमी का पर्व परंपरागत उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ हवन और पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हवन-पूजन के साथ की गई। इसके बाद आचार्यों द्वारा उच्चारित वैदिक मंत्रों के बीच पुलिस विभाग के अस्त्र-शस्त्र, विभिन्न प्रकार के एम्युनेशन और आधिकारिक वाहनों की पूजा-अर्चना की गई।
पुलिस महकमे की पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने विधि-विधान से कुम्हड़े की बलि दी। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया।
जिलेभर के थानों में भी की गई शस्त्रों की पूजा
केवल पुलिस लाइन ही नहीं, बल्कि शिवपुरी जिले के अंतर्गत आने वाले सभी थानों और पुलिस चौकियों में भी शस्त्र पूजन का यह क्रम देखने को मिला। सभी स्थानों पर हथियारों और वाहनों की साफ-सफाई कर उनकी पूजा की गई। ऐसी मान्यता है कि विजयादशमी पर यह पूजन करने से हर कार्य में सफलता और विजय प्राप्त होती है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शस्त्र पूजन के इस गरिमामयी कार्यक्रम में पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, कलेक्टर अर्पित वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति, रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती और लाइन सूबेदार सहित शहर के सभी थाना प्रभारी और पुलिस बल के तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक, जिला कलेक्टर और अन्य अतिथियों ने इस अवसर पर जिले के समस्त नागरिकों को विजयादशमी की बधाई देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!