शिवपुरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लाल माटी इलाके में घर के बाहर शराब पीने से रोकना एक 22 वर्षीय युवक को महंगा पड़ गया। विरोध करने पर दबंग ने युवक के सिर पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शराब पीने और गाली-गलौज का था पुराना विवाद
घायल युवक विनोद आदिवासी की मां गीता आदिवासी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी खेमा जाटव अक्सर उनके घर के सामने बैठकर शराब का सेवन करता था। शराब पीने के बाद वह वहां खड़े होकर अक्सा गाली-गलौज भी किया करता था।
परिजनों के अनुसार शनिवार की रात को भी खेमा जाटव उनके घर के बाहर बैठकर शराब पी रहा था। इसी बात से परेशान होकर विनोद आदिवासी ने उसे वहां पर शराब पीने और गाली-गलौज करने से सख्ती के साथ मना किया था।
दुकान जाते वक्त पीछे से किया वार
एतराज जताने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। इसके कुछ देर बाद विनोद किसी काम से पास की ही एक दुकान की तरफ जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान घात लगाकर बैठे खेमा जाटव ने उसके पीछे से आकर लाठियों से हमला कर दिया।
इस अचानक हुए जानलेवा हमले में विनोद के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार के लोग तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी खेमा जाटव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!