ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी शहर में पुलिस ने नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। स्थानीय देहात थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14.02 ग्राम अवैध स्मैक जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई जा रही है।

कब्रिस्तान रोड के पास पकड़ा गया संदिग्ध

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, 16 सितंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव को मुखबिर से खास सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि लुधावली क्षेत्र में स्थित कब्रिस्तान रोड के पास एक शख्स संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा है और वह प्रतिबंधित स्मैक बेचने की फिराक में है।

इस इनपुट के आधार पर पुलिस की एक टीम तुरंत हरकत में आई और बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिसकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी कर मुखबिर के बताए हुलिए से मेल खाने वाले व्यक्ति को दबोच लिया।

तलाशी में बरामद हुई प्रतिबंधित स्मैक

मौके पर पकड़े गए संदिग्ध से जब पूछताछ की गई और उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 14.02 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपनी पहचान छोटू उर्फ आशिक खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी गौशाला थाना देहात शिवपुरी के रूप में बताई।

आरोपी के पास से मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने् उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और्् जब्त की गई स्मैक को अपने कब्जे में ले लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

देहात थाने में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 335/2026 पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया।