शिवपुरी जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घर की छत से सरिया तोड़ने का विरोध करने पर एक दंपति को बेरहमी से पीटा गया। यह घटना पोहरी थाना क्षेत्र के कनाखेड़ी गांव में हुई, जिसमें दो भाइयों पर दंपति पर हमला करने का आरोप है।

सरिया तोड़ने पर हुआ विवाद

पीड़ित इंदर सिंह चिडार (34) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह घटना रविवार शाम करीब 7 बजे हुई। वे अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी गांव का गोलू चिडार वहां आया। इंदर सिंह ने गोलू से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनी अपनी कुटीर की छत से सरिया क्यों तोड़ रहा है, यह पूछा।

इंदर सिंह के सवाल पर गोलू चिडार भड़क गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। जब इंदर सिंह ने उसे गाली-गलौज करने से रोका, तो आरोपी ने पास पड़ा डंडा उठाया और सीधे इंदर सिंह के सिर पर वार कर दिया। सिर पर डंडा लगने से इंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी ने लाठियों से भी उनकी पिटाई जारी रखी।

पत्नी को बचाने में आई चोटें

पति की चीख-पुकार सुनकर इंदर सिंह की पत्नी अमृता चिडार उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं। आरोप है कि इसी बीच गोलू के भाई आशु ने अमृता पर हमला कर दिया। आशु ने अमृता के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।

पुलिस ने दर्ज की FIR

घटना के बाद घायल दंपति को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोहरी थाना पुलिस ने पीड़ित इंदर सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी गोलू चिडार के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।