अम्हारा गांव में कुत्ते ने मचाया उत्पात
शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अम्हारा गांव में आवारा कुत्ते का आतंक देखने को मिला है। शुक्रवार को शाम से लेकर देर रात तक एक उग्र कुत्ते ने गांव में घूम-घूमकर ताबड़तोड़ हमले किए और कुल आठ लोगों को लहूलुहान कर दिया।
इस हमले में घायल होने वालों में लल्लू यादव, रामबीर जाटव, दलेल सिंह, चंद्रपाल यादव, मोहन कोरी और अजब सिंह आदिवासी सहित आठ ग्रामीण शामिल हैं। इसके अलावा आक्रामक कुत्ते ने तीन बछड़ों को भी काट लिया है।
स्वास्थ्य केंद्र में हुआ इलाज, गांव में खौफ
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को तुरंत बदरवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका चिकित्सीय उपचार किया गया। ग्रामीणों के अनुसार संबंधित कुत्ता अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है, जिसके कारण पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
कुश्यारा गांव में पालतू कुत्ते का हमला
दूसरी घटना सिरसौद थाना क्षेत्र के कुश्यारा गांव की है, जहां एक पालतू कुत्ते ने अचानक तीन बच्चों पर हमला बोल दिया। इस दुर्घटना में चार साल की मासूम नंदनी स्वामी समेत कुल तीन बच्चे जख्मी हो गए हैं।
घायल बच्ची नंदनी के पिता दुर्गेश गोस्वामी ने बताया कि उनके पड़ोसी द्वारा पाले गए कुत्ते ने उनकी बेटी और अन्य दो बच्चों को काटा है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने स्थानीय निवासियों की चिंताएं काफी बढ़ा दी हैं।
शहर में भी पहले आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि इससे पहले बीती 27 सितंबर को भी शिवपुरी शहर के भीतर इसी तरह की एक बड़ी घटना सामने आई थी। शहर में एक ही आवारा कुत्ते ने लगभग 35 लोगों को काटकर घायल कर दिया था, जिससे लोग अब अपने बच्चों को बाहर भेजने से भी डर रहे हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!